Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:‘प्रेस’ लिखी कार हादसे का शिकार, 205 लीटर विदेशी शराब बरामद एक्साइज टीम को देख भाग रही थी टियागो कार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 22, 2026

MADHEPURA:‘प्रेस’ लिखी कार हादसे का शिकार, 205 लीटर विदेशी शराब बरामद एक्साइज टीम को देख भाग रही थी टियागो कार

कुमारखंड में ‘प्रेस’ लिखी कार हादसे का शिकार, 205 लीटर विदेशी शराब बरामद
एक्साइज टीम को देख भाग रही थी टियागो कार, टायर फटने से दुकानों में घुसी
मधेपुरा। जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ‘प्रेस’ लिखी एक टियागो कार तेज रफ्तार में भागते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई है। एक्साइज विभाग ने कार से 205.20 लीटर विदेशी शराब जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
वाहन जांच के दौरान पुलिस को देख भागने लगा चालक
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा एक्साइज विभाग की टीम जदिया-कुमारखंड सीमा पर वाहन जांच अभियान चला रही थी। गुरुवार सुबह करीब चार बजे टीम ने ‘प्रेस’ लिखी टियागो कार (बीआर 43 पीए 8287) को रोकने का प्रयास किया।
लेकिन पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर तेज रफ्तार में कुमारखंड बाजार की ओर भागने लगा। इसके बाद एक्साइज इंस्पेक्टर बबलू कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार का पीछा शुरू कर दिया।
टायर फटने से अनियंत्रित होकर दुकानों में घुसी कार
भागने के दौरान कुमारखंड मुख्य बाजार स्थित पिंटू यादव के घर के समीप स्टेट हाईवे-91 पर कार का टायर अचानक फट गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दो दुकानों में जा घुसी।
हादसे में सिंघेश्वर मलिक नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल कुमारखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दुर्घटना में दो दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हुआ एक तस्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के समय टियागो कार के आगे एक स्कॉर्पियो चल रही थी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो कुछ देर के लिए रुकी, जिसमें टियागो कार से एक व्यक्ति उतरकर बैठ गया और मौके से फरार हो गया।
हालांकि, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
गिरफ्तार चालक से पूछताछ जारी
गिरफ्तार चालक की पहचान बिशनपुर कोड़लाही टोला गिदराही वार्ड संख्या-02 निवासी नीतीश कुमार, पिता राम भजन यादव के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
एक्साइज विभाग फरार शराब तस्करों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रहा है।
कार से 205.20 लीटर विदेशी शराब बरामद
एक्साइज इंस्पेक्टर बबलू कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। कुल 205.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार चालक और जब्त शराब को एक्साइज विभाग की टीम अपने साथ मधेपुरा ले गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।