सहरसा में 15 वर्षीय नाबालिग के अपहरण और रेप का मामला, आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार
सहरसा। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटुआहा गांव में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण और रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने गुरुवार देर शाम सदर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के महज दो घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
देर रात घर में घुसकर नाबालिग को उठाकर ले जाने का आरोप
पीड़िता की मां के अनुसार, घटना 17 मई 2026 की रात करीब 12 बजे की है। उनकी 15 वर्षीय बेटी घर में सो रही थी। इसी दौरान मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक कुमार उर्फ रॉकी अपने चार साथियों के साथ जबरन घर में घुस आया।
आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले गए। बताया गया कि आरोपी अभिषेक कुमार सहरसा के पटुआहा स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था।
बंधक बनाकर मारपीट और रेप का आरोप
मां ने आवेदन में आरोप लगाया है कि अभिषेक कुमार ने उनकी बेटी को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया। देर रात जब मां की नींद खुली तो बेटी घर में नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
काफी खोजबीन के बाद अगली सुबह मां को उनकी बेटी और मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार राधे शर्मा के मुर्गा फार्म में मिले।
विरोध करने पर मां के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली
आरोपियों ने मां को धमकी दी कि यदि उन्होंने इस घटना के बारे में किसी को बताया या पुलिस में शिकायत की, तो मां-बेटी दोनों की हत्या कर उनकी लाशें गायब कर दी जाएंगी।
आवेदन में पीड़िता की मां ने बताया कि जब लड़का-लड़की को फार्म में पकड़ा गया था, तब स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में मोबाइल फोन से एक वीडियो भी बनाया गया था, जिसे जरूरत पड़ने पर पुलिस के समक्ष पेश किया जाएगा।
पीड़िता की मां ने सदर थाना पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है।
इधर सहरसा एसडीपीओ आलोक कुमार ने कहा कि गुरुवार की देर शाम पीड़िता की मां ने सदर थाने में शिकायत की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।