Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:रील बनाना पड़ा भारी, रेलवे ट्रैक पर वीडियो शूट के दौरान युवती की ट्रेन से कटकर मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 22, 2026

SAHARSA:रील बनाना पड़ा भारी, रेलवे ट्रैक पर वीडियो शूट के दौरान युवती की ट्रेन से कटकर मौत

सहरसा में रील बनाना पड़ा भारी, रेलवे ट्रैक पर वीडियो शूट के दौरान युवती की ट्रेन से कटकर मौत
सहरसा: जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित हकपाड़ा मध्य विद्यालय के पास मत्स्यगंधा झील समीप रेलवे ट्रैक पर रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत धनचर निवासी 22 वर्षीय अंजलि कुमारी के रूप में हुई है, जो पेशेवर नृत्यांगना बताई जा रही है।
रेलवे ट्रैक पर बना रही थी वीडियो रील
जानकारी के अनुसार, अंजलि कुमारी दो युवकों के साथ रेलवे पटरी पर वीडियो रील बना रही थी। इसी दौरान सुपौल की ओर से दानापुर-पुणे एक्सप्रेस तेज रफ्तार से आ रही थी। युवती को संभलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
युवती को छोड़कर फरार हुए दोनों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद साथ मौजूद दोनों युवकों ने युवती के सिर पर दुपट्टा बांधकर उसे इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की। करीब 50 मीटर तक ले जाने के बाद उन्हें लगा कि युवती की मौत हो चुकी है। इसी दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद दोनों युवक युवती को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, मोबाइल बरामद
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जिसकी जांच की जा रही है। साथ ही युवती के साथ मौजूद दोनों युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।