शेखपुरा में पुलिस ने बीयर से भरी एक्सयूवी 500 कार जब्त की
1032 केन इंग्लिश बीयर बरामद, कीमत करीब 4 लाख रुपए
कार सवार दो तस्कर मौके से फरार
कार पर मिले अलग-अलग राज्यों के फर्जी नंबर प्लेट
पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े होने की जताई आशंका
शेखपुरा: जिले के करंडे थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए इंग्लिश बीयर से भरी एक एक्सयूवी 500 कार जब्त की है। हालांकि कार में सवार दो तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहे। यह कार्रवाई शेखपुरा-जमुई हाईवे पर लहना गांव के पास की गई।
पुलिस को देखकर बदला रास्ता, बढ़ा शक
जानकारी के अनुसार करंडे थाना पुलिस की टीम शेखपुरा-जमुई हाईवे पर लहना गांव स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक शाखा के समीप गश्ती कर रही थी। इसी दौरान जमुई जिले के सिकंदरा की ओर से आ रही एक एक्सयूवी 500 कार के चालक ने पुलिस वाहन को देखते ही अचानक भिखनी मोड़ से कार को लहना गांव की ओर मोड़ लिया।
कार की संदिग्ध गतिविधि देखकर पुलिस को शक हुआ और टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
पीछा करने के दौरान फटा कार का पहिया
पुलिस के पीछा करने के दौरान अचानक कार का पिछला पहिया फट गया, जिससे शराब से लदी गाड़ी बीच रास्ते में फंस गई। इसी का फायदा उठाकर कार में सवार दोनों तस्कर वाहन से कूदकर फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें कार्टन में छुपाकर रखे गए 1032 केन इंग्लिश बीयर बरामद किए गए। बरामद शराब की कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है। कुल 516 लीटर बीयर जब्त की गई, जिसमें प्रत्येक केन में 500 एमएल बीयर भरा हुआ था।
कार पर फर्जी नंबर प्लेट और संदिग्ध कागजात
छापेमारी का नेतृत्व थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पुलिस सब इंस्पेक्टर ललित कुमार और भोला राजवंशी ने संयुक्त रूप से किया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि जब्त कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाए गए थे। गाड़ी के आगे पश्चिम बंगाल का नंबर अंकित था, जबकि पीछे पटना का नंबर लिखा हुआ था। वहीं कार के अंदर मिले दस्तावेज गुजरात के पाए गए।
अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े होने की आशंका
पुलिस का कहना है कि यह शराब तस्करी का एक अंतर्राज्यीय गिरोह हो सकता है, जो झारखंड से शराब की बड़ी खेप लेकर आ रहा था। थानाध्यक्ष ने कहा कि गिरोह के सदस्य काफी शातिर हैं, जिसका अंदाजा गाड़ी पर लगे अलग-अलग नंबर प्लेट और फर्जी कागजात से लगाया जा सकता है।
पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर लिया है। मामले में स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।