मोतिहारी पुलिस ने कार से भारी नकदी बरामद की
24,91,300 रुपए के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा की ओर ले जाई जा रही थी रकम
नेपाली मुद्रा में बदलने की थी योजना
हवाला और अवैध मुद्रा विनिमय एंगल से जांच जारी
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले की मोतिहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 24 लाख 91 हजार 300 रुपए नकद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई तुरकौलिया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
गुप्त सूचना पर चला वाहन जांच अभियान
तुरकौलिया थानाध्यक्ष संपत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल इलाके में वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान निमुईया चौक के पास एक सफेद रंग की आई-टेन कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 24,91,300 रुपए की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
मौके से चार आरोपी गिरफ्तार
कार में सवार चारों लोगों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र निवासी कृष्णा सहनी, नकरदेई थाना क्षेत्र निवासी सुभाष कुमार, दीपेश कुमार यादव तथा नेपाल के बारा जिला अंतर्गत शिमरौणगढ़ थाना क्षेत्र निवासी प्रज्ज्वल सहनी के रूप में हुई है।
नकदी के दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी बरामद नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी इस रकम को भारत-नेपाल सीमा की ओर ले जा रहे थे, जहां इसे नेपाली मुद्रा में बदलने की योजना थी।
हवाला और अवैध लेनदेन एंगल से जांच
पुलिस को आशंका है कि मामला अवैध मुद्रा विनिमय या हवाला कारोबार से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।