सुपौल के भीमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
100 किलोग्राम गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
बरामद गांजा की कीमत करीब 40 लाख रुपए आंकी गई
एक तस्कर फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने ऑटो और बाइक भी किया जब्त
सुपौल: जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई की जानकारी गुरुवार को एसपी शरथ आर.एस ने प्रेस वार्ता में दी।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
एसपी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 मई को भीमपुर थाना अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ऑटो के जरिए भारी मात्रा में गांजा लेकर गुजरने वाले हैं।
सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर त्रिवेणीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
ऑटो की तलाशी में मिला 100 किलो गांजा
दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई विधिसम्मत तलाशी के दौरान एक ऑटो से करीब 100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी भागने में सफल रहा।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार तस्करों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलुआ बाजार थाना क्षेत्र के कुशहर एराजी निवासी 21 वर्षीय मो. जाबीर और 21 वर्षीय इंतजार आलम के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क, आपराधिक इतिहास और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
ऑटो और बाइक भी जब्त
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। मामले में भीमपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
एसपी ने कहा कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।