पटना में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: 1 लाख रुपए घूस लेते एडिशनल SHO गिरफ्तार, पकड़ने पहुंची टीम से भिड़े; पिस्टल भी निकाली
जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, 5 लाख से शुरू हुई डील 2 लाख पर हुई फाइनल
पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जानीपुर थाना के एडिशनल SHO संजय सिंह को 1 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बुधवार को गाजाचक मोहम्मदपुर पंचायत के कोरियावां प्लॉट पर की गई, जहां एडिशनल SHO जमीन विवाद से जुड़े मामले में सर्वे कराने पहुंचे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद के समाधान और खूंटा गड़वाने के नाम पर पीड़ित कौशल किशोर से मोटी रकम की मांग की गई थी। आरोप है कि शुरुआत में 5 लाख रुपए रिश्वत मांगी गई थी। बाद में बातचीत के बाद मामला 2 लाख रुपए में तय हुआ। पीड़ित ने इसकी शिकायत पहले ही विजिलेंस विभाग से कर दी थी, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
रुपए लेते ही विजिलेंस टीम ने दबोचा
बताया गया कि बुधवार को जैसे ही एडिशनल SHO संजय सिंह ने पीड़ित से 1 लाख रुपए लिए, पहले से सादे कपड़ों में मौजूद विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़े जाने के बाद संजय सिंह ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की और टीम के साथ उलझ गए। इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल भी निकाल ली और उसे कॉक करने की कोशिश की। हालांकि विजिलेंस विभाग के ASI रवि कुमार ने तत्परता दिखाते हुए उनका हाथ पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान ASI रवि कुमार के हाथ में चोट लगने की भी जानकारी सामने आई है।
गिरफ्तारी का VIDEO आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एडिशनल SHO संजय सिंह वर्दी में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में विजिलेंस टीम उन्हें पीछे से पकड़कर ले जाती नजर आ रही है। इस दौरान वह टीम से बहस करते और खुद को छुड़ाने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
वीडियो में आसपास मौजूद कुछ लोग भी दिखाई दे रहे हैं, जो पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर रहे हैं। मौके पर मौजूद धावा दल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी अधिकारी को अपने कब्जे में लिया।
दो दिन पहले मिली थी शिकायत
विजिलेंस विभाग के DSP अरुणोदय पांडे ने बताया कि इस मामले में दो दिन पहले शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद धावा दल का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी अधिकारी जमीन पर खूंटा गड़वाने और विवाद के समाधान के एवज में पीड़ित से रिश्वत ले रहे थे। तय योजना के तहत टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
भूमाफिया गैंग से मिलीभगत का आरोप
पीड़ित कौशल किशोर ने जानीपुर इलाके में भूमाफियाओं के सक्रिय होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ भूमाफिया पुलिस और अन्य अधिकारियों की मिलीभगत से जमीन कब्जाने का काम करते हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद के मामलों में थाने तक पहुंचने के बाद भी पीड़ित पक्ष से अवैध उगाही की जाती है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
विजिलेंस की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप
एडिशनल SHO स्तर के अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विजिलेंस विभाग अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ की तैयारी कर रहा है। साथ ही आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।