Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:रेलवे यार्ड में ट्रेन से कटकर बीएमपी जमादार की मौत, लूटपाट के दौरान धक्का देने की आशंका - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, May 9, 2026

BIHAR:रेलवे यार्ड में ट्रेन से कटकर बीएमपी जमादार की मौत, लूटपाट के दौरान धक्का देने की आशंका

समस्तीपुर रेलवे यार्ड में ट्रेन से कटकर बीएमपी जमादार की मौत, लूटपाट के दौरान धक्का देने की आशंका

एक दिन बाद हुई पहचान, पटना के दानापुर के रहने वाले थे दीना पासवान

समस्तीपुर जंक्शन के रेलवे यार्ड में ट्रेन की चपेट में आने से बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) के जमादार सहायक सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। घटना के एक दिन बाद शव की पहचान पटना जिले के दानापुर बड़ी खगौल देवी स्थान निवासी दीना पासवान के रूप में हुई। वह वर्तमान में बीएमपी राजा बाजार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे।

पहचान होने के बाद शुक्रवार देर शाम बीएमपी की टीम शव को अपने कब्जे में लेकर पटना रवाना हो गई। घटना को लेकर परिजनों ने लूटपाट के दौरान ट्रेन से धक्का देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

कमला गंगा इंटरसिटी से लौट रहे थे पटना

परिजन रामबाबू सुमन ने बताया कि दीना पासवान 6 मई को मधुबनी जिले के खजौली में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। 7 मई को वह कमला गंगा इंटरसिटी एक्सप्रेस से पटना लौट रहे थे।

इसी दौरान समस्तीपुर रेलवे यार्ड के पास ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार मृतक का मोबाइल फोन और बैंक पासबुक भी गायब है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन में बदमाशों ने लूटपाट की और विरोध करने पर उन्हें चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया।

रेल पुलिस ने लूटपाट से किया इनकार

हालांकि रेल पुलिस फिलहाल इसे हादसा मान रही है। रेल पुलिस का कहना है कि यदि ट्रेन में लूटपाट की घटना हुई होती तो किसी यात्री द्वारा शिकायत दर्ज कराई जाती, लेकिन अब तक ऐसी कोई शिकायत सामने नहीं आई है।

पुलिस का मानना है कि संभवतः बाथरूम से निकलने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गए और ट्रेन की चपेट में आ गए।

यूडी केस दर्ज, जांच जारी

रेल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रेन से कटकर जमादार की मौत हुई है। पहचान के बाद शव बीएमपी को सौंप दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।