सीतामढ़ी के अशोगी गांव में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने खेल रहे दो वर्षीय बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो में आग लगा दी. पुलिस मामले की जांच और चालक की तलाश में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर…
अशोगी गांव में हृदयविदारक हादसा, चालक मौके से फरार
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 स्थित अशोगी गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
मृत बच्चे की पहचान अशोगी निवासी अजीत स्वर्णकार के दो वर्षीय पुत्र मिहिर के रूप में हुई है।
घर के पास खेल रहा था बच्चा
मिली जानकारी के अनुसार, मिहिर घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो फूंकी
हादसे से गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। लोगों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि उन्होंने मौके पर खड़ी स्कॉर्पियो में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह जलती हुई स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
इलाके में तनाव, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।