बिहार के Motihari में एकतरफा प्यार का खौफनाक मामला सामने आया है। बीजधारी थाना क्षेत्र के बथना पांडे टोला गांव में एक युवक ने नवविवाहिता की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 20 वर्षीय सपना के रूप में हुई है, जिसकी शादी इसी साल 28 अप्रैल को हुई थी।
परिजनों के अनुसार आरोपी जगदीश कुमार गांव का ही रहने वाला है और वह लंबे समय से सपना से एकतरफा प्यार करता था। सपना के मना करने के बावजूद वह लगातार शादी का दबाव बना रहा था। यहां तक कि उसने धमकी दी थी कि “अगर सपना मेरी नहीं हुई, तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा।”
शादी के बाद पहली बार मायके आई थी सपना
सपना की भाभी मुन्नी देवी ने बताया कि शादी के बाद तीन दिन पहले ही वह पहली बार मायके आई थी। घर में खुशी का माहौल था। शनिवार शाम सपना अपनी भाभी और एक अन्य महिला के साथ खेत की तरफ गई थी।
इसी दौरान सुनसान जगह पर आरोपी जगदीश झाड़ियों से निकलकर सामने आ गया। उसने सपना के बाल पकड़कर उसे खींच लिया। जब परिवार की महिलाएं बचाने पहुंचीं तो उसने अपने गले से गमछा निकालकर सपना का गला घोंट दिया।
परिजनों के मुताबिक आरोपी लगातार कह रहा था कि “तुमने ठीक नहीं किया।” हालत बिगड़ने पर वह सपना को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
पहले भी देता था धमकी
परिवार वालों का कहना है कि शादी से पहले भी आरोपी सपना का पीछा करता था और बाजार जाते समय रास्ता रोककर शादी करने का दबाव बनाता था। उसने जयमाला के दौरान गोली मारने तक की धमकी दी थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बीजधारी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम से जांच कराई गई है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी जगदीश कुमार की मां बबीता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।