जनगणना ड्यूटी के दौरान हादसा: पूर्णिया में कार्यरत शिक्षिका सोनम कुमारी की इलाज के दौरान मौत, गांव में पसरा मातम
बक्सर। जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत बगेन गोला थाना क्षेत्र के एकरासी गांव की रहने वाली बीपीएससी टीआरई-1 शिक्षिका सोनम कुमारी की सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार सोनम कुमारी पूर्णिया जिले के डगरूआ प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय डुमरा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। भारत सरकार की ओर से चलाए जा रहे जनगणना अभियान के तहत मकान सूचीकरण कार्य में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी।
बताया गया कि छह मई को वह शिक्षक सह सुपरवाइजर राजेंद्र कुमार के साथ बाइक से क्षेत्र में जनगणना कार्य के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक बाइक से गिर जाने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया।
पटना में इलाज के दौरान आठ मई को उनकी मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही शिक्षा विभाग और गांव में शोक का माहौल बन गया।
मृतका सोनम कुमारी एकरासी गांव निवासी रवि चंदन की पत्नी तथा राजेश कुमार सिंह की पुत्रवधू थीं। उनके असामयिक निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।