सीतामढ़ी में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते पुलिस अंचल निरीक्षक कार्यालय का रीडर गिरफ्तार
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। निगरानी की मुख्यालय टीम ने सीतामढ़ी जिले के पुपरी अंचल स्थित पुलिस अंचल निरीक्षक कार्यालय में कार्रवाई करते हुए पीटीसी सह रीडर गोविन्द कुमार चौधरी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
धाराएं हटाने और नाबालिग का नाम निकालने के लिए मांगी जा रही थी रिश्वत
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना को बोखरा थाना क्षेत्र के पतनूका गांव निवासी जय शंकर शर्मा ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बोखरा थाना कांड संख्या 109/26 में लगे कुछ धाराओं को हटाने तथा उनके नाबालिग भांजे का नाम केस से निकालने के एवज में आरोपी गोविन्द कुमार चौधरी रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या 054/26 दिनांक 07 मई 2026 दर्ज किया गया।
डीएसपी के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक कृपाल चंद्र जायसवाल के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। इसके बाद 11 मई 2026 को निगरानी की टीम ने पुपरी स्थित पुलिस अंचल निरीक्षक कार्यालय में जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान परिवादी द्वारा रिश्वत की राशि दिए जाने के क्रम में आरोपी गोविन्द कुमार चौधरी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
माननीय विशेष न्यायालय में किया जाएगा पेश
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार जारी है अभियान
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा राज्यभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में कई सरकारी कर्मियों और अधिकारियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। ब्यूरो ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तत्काल निगरानी विभाग को दें।