Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 76.560 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 11, 2026

BIHAR:उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 76.560 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 76.560 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज। जिले में शराब तस्करों एवं मद्यपान करने वालों के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने मोजाबाड़ी पुल पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान कार से कुल 76.560 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी।

कार्रवाई के दौरान उत्पाद पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में पूर्णिया निवासी सफीक अनवर को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, कार चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

गिरफ्तार तस्कर को सदर अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली ने बताया कि तस्कर पश्चिम बंगाल से शराब की खेप लेकर किशनगंज के कोचाधामन क्षेत्र में पहुंचाने जा रहे थे। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि फरार चालक की पहचान कर ली गयी है तथा जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।