किशनगंज में बड़ी कार्रवाई: वेगनआर की सीक्रेट कैविटी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज: बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत किशनगंज के गलगलिया चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। सघन वाहन जांच के दौरान एक वेगनआर कार की सीक्रेट कैविटी से भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में कार चालक अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उत्पाद विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गलगलिया चेक पोस्ट पर तैनात सशस्त्र बल नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पश्चिम बंगाल की सीमा से बिहार में प्रवेश कर रही एक संदिग्ध सफेद रंग की वेगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम को देखकर चालक घबरा गया, जिसके बाद अधिकारियों को शक हुआ।
जब कार की गहन जांच की गई तो उसमें बनाई गई सीक्रेट कैविटी से भारी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर अजय कुमार ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने जा रहा था। उसने यह भी बताया कि वह पहले भी कई बार इस रूट पर शराब की खेप पहुंचा चुका है।
गिरफ्तारी के बाद उत्पाद विभाग की टीम आरोपी को मेडिकल जांच के लिए किशनगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
उत्पाद निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी ने कहा कि जिले में शराब तस्करों और पियक्कड़ों के खिलाफ विभाग जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि गलगलिया चेक पोस्ट पर टीम आधुनिक उपकरणों के साथ 24 घंटे अलर्ट मोड में तैनात है और किसी भी हालत में अवैध शराब की खेप को जिले में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
वहीं सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना और टीम की सक्रियता के कारण इस बड़ी खेप को सीमा पर ही पकड़ लिया गया। आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।