सुपौल: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब तस्करी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि, सुपौल में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग लगातार तस्करों पर शिकंजा कस रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार की रात विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी। सदर थाना क्षेत्र के बलवा पंचायत अंतर्गत पिपराहरी वार्ड संख्या-13 में छापेमारी कर 1297 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से शराब तस्कर सुबिन कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि विभाग को आरोपी की गतिविधियों की लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी। इसके बाद विशेष रणनीति बनाकर बैरिया मंच के समीप छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया।
पहले भी जा चुका है जेल
विभागीय अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार तस्कर पहले भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया था। विभाग काफी दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए था।
किशनपुर से लाई गई थी शराब की खेप
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की यह खेप किशनपुर क्षेत्र से लाई गई थी। इसे जिले के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किए जाने की तैयारी थी। फिलहाल उत्पाद विभाग और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
सप्लाई चेन खंगालने में जुटा विभाग
अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही सप्लाई चेन और नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है। बरामद शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।