Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:निगरानी का बड़ा एक्शन: 3 लाख रिश्वत लेते सदर सीओ गिरफ्तार, निजी कर्मी भी दबोचा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 22, 2026

BIHAR:निगरानी का बड़ा एक्शन: 3 लाख रिश्वत लेते सदर सीओ गिरफ्तार, निजी कर्मी भी दबोचा

रोहतास में निगरानी का बड़ा एक्शन: 3 लाख रिश्वत लेते सदर सीओ गिरफ्तार, निजी कर्मी भी दबोचा
सासाराम: बिहार के रोहतास जिले में शुक्रवार को निगरानी विभाग ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सासाराम सदर अंचलाधिकारी आकाश कुमार रौनियार को 3 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में उनके निजी कर्मी सोनू कुमार को भी हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, एक विवादित जमीन के परिमार्जन के लिए अंचलाधिकारी द्वारा राजस्व कर्मचारी के माध्यम से 8 लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। बाद में सौदा 6 लाख रुपये में तय हुआ। इसी रकम की पहली किस्त के तौर पर 3 लाख रुपये लिए जा रहे थे, तभी निगरानी विभाग की टीम ने छापेमारी कर दोनों को धर दबोचा।
बताया गया कि राजस्व कर्मचारी राकेश Kumar तीन लाख रुपये लेकर अंचलाधिकारी के निजी आवास पर पहुंचे थे। वहां सीओ की मौजूदगी में निजी कर्मी सोनू कुमार ने जैसे ही रुपये लिए, पहले से जाल बिछाकर बैठी निगरानी टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सीओ को निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीओ अपने ही विभाग के राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार से रिश्वत की रकम ले रहे थे।
मामले में परिवादी राजस्व कर्मचारी राकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अंचलाधिकारी दाखिल-खारिज के प्रत्येक मामले में 50 हजार रुपये लाने का दबाव बनाते थे। साथ ही एक पीड़ित अशोक प्रसाद से 8 लाख रुपये वसूलने का निर्देश भी दिया गया था। इसी शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
इधर, इसी दिन निगरानी विभाग ने सिविल सर्जन कार्यालय में कार्यरत क्लर्क सतीश कुमार को भी रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। महिला अकाउंटेंट ने शिकायत की थी कि तबादले से जुड़े मामले में उनसे 20 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई करते हुए क्लर्क को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।