किशनगंज में 5 लाख की ब्राउन शुगर जब्त: SSB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2 तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गुप्त सूचना पर बालूबाड़ी चौक में हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार गलगलिया थाना पुलिस और एसएसबी की नेमुगुरी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी से मादक पदार्थ की डिलीवरी देने बालूबाड़ी चौक पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया।
जैसे ही संदिग्ध स्कूटी मौके पर पहुंची, पुलिस और एसएसबी की टीम ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई।
208 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के कब्जे से 208 ग्राम ब्राउन शुगर, एक स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर BR37AF 4452) और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रज्जाक (52 वर्ष), पिता मोहम्मदिन, निवासी करवलभिठा तथा शकील अहमद (55 वर्ष), पिता स्वर्गीय तमीजुद्दीन, निवासी कुर्लीकोट थाना क्षेत्र, जिला किशनगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी टीम में शामिल रहे अधिकारी
इस संयुक्त अभियान में उपनिरीक्षक वेद प्रकाश निषाद, उपनिरीक्षक भूषण झा, भग राजेंद्र कुमार गणेश, महिला कांस्टेबल सपना कुमारी सहित गलगलिया थाना पुलिस एवं एसएसबी की नेमुगुरी टीम के जवान शामिल थे।