खगड़िया में दो मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़: 13 गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद
खगड़िया जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। जिले के मोरकाही और चौथम थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। दोनों मामलों में कुल 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
इन दोनों कार्रवाईयों का नेतृत्व खगड़िया के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किया गया। संयुक्त अभियान में स्थानीय थाना पुलिस, जिला खुफिया इकाई (DIU), STF (SOG-03) पटना तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
मोरकाही थाना क्षेत्र में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा
06 मई 2026 को मोरकाही थाना क्षेत्र के कोदरा गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नितीश कुमार के ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक संगठित गिरोह अवैध हथियार निर्माण करते पकड़ा गया।
पुलिस ने मौके से 5 पिस्टल (मैगजीन सहित), 8 जिंदा कारतूस, 3 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, 6 अतिरिक्त मैगजीन, 4 मोबाइल फोन और 2 बाइक बरामद किए। इसके अलावा हथियार निर्माण में प्रयुक्त हैंड ड्रिल मशीन, लोहे की छेनी, हथौड़ी, रेती, आरी ब्लेड और स्क्रू सहित कई उपकरण जब्त किए गए।
इस कार्रवाई में 7 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। इनमें मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह निवासी मो. औरंगजेब उर्फ अंगूर (34), मो. सज्जाद (40), मो. शमशाद (36), मो. बाबर (34), मो. शमीम (36), गोगरी थाना क्षेत्र के मुश्कीपुर निवासी मो. मनोवर आलम उर्फ मोनू (30) तथा अलौली थाना क्षेत्र निवासी नितीश कुमार (19) शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। विशेष रूप से मो. औरंगजेब उर्फ अंगूर के खिलाफ मुंगेर और बक्सर सहित कई जिलों में आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं।
इस मामले में मोरकाही थाना कांड संख्या 77/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(1-B)a, 25(1), 26(i)(ii), 35 सहित अन्य धाराओं में दर्ज की गई है।
चौथम थाना क्षेत्र में दूसरा बड़ा खुलासा
इसी क्रम में चौथम थाना क्षेत्र के गुलेरिया गांव में भी पुलिस ने एक और मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना मिली थी कि मो. अहमद के घर में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं और इसमें मुंगेर जिले के कुछ लोग शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 21 अर्द्धनिर्मित लोहे के बैरल, 21 अर्द्धनिर्मित मुट्ठी बॉडी, एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, दो मिसफायर गोली, तीन खोखा और एक मैगजीन बरामद किया। इसके अलावा 22 फायरिंग स्प्रिंग, 30 हेमर, 30 ट्रिगर, 23 रिपीट रॉड, पांच पीतल की छड़, 16 रेती, 29 छोटे-बड़े छेनी, 27 गिरमिट, 14 साइड क्लिप, दो हथौड़ी, एक आरी सहित कई उपकरण जब्त किए गए।
इस मामले में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में गुलेरिया निवासी मो. इब्राहिम, मुंगेर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरधा निवासी मो. सोहराव, बरवा निवासी मो. फईम, पुरव सराय निवासी संजय लोहार उर्फ संजय शर्मा, नुजहत खातून तथा नुसरत खातून शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मो. इब्राहिम के खिलाफ पहले से शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है, जबकि संजय लोहार उर्फ संजय शर्मा पर वर्ष 2024 में मुंगेर जिले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है। इससे संकेत मिलता है कि गिरफ्तार लोग पेशेवर हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
इस मामले में चौथम थाना कांड संख्या 143/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(1-B)a, 25(1-AA), 28(1)(ii)(iii) एवं 35 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
मुंगेर कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में मुंगेर कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस और सतर्क हो गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार हथियारों की सप्लाई किन जिलों और राज्यों में की जा रही थी। तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के जरिए पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
एसपी राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में ऐसे अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।