वरमाला के दौरान पहुंची पहली पत्नी, दूल्हे को चप्पलों से पीटा: समस्तीपुर में शादी समारोह बना रणक्षेत्र
समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब वरमाला के दौरान दूल्हे की पहली पत्नी अचानक मौके पर पहुंच गई। पहली पत्नी ने स्टेज पर ही दूल्हे की कॉलर पकड़कर चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने भी बारातियों को खदेड़ दिया और शादी की रस्में बीच में ही रोक दी गईं।
वरमाला के समय खुली दूल्हे की सच्चाई
घटना पटोरी थाना क्षेत्र के लोदीपुर धीर गांव की है। बुधवार देर रात प्रदीप सहनी की बेटी अस्मिता की शादी वैशाली जिले के तिसिऔता थाना क्षेत्र के प्राणपुर निवासी पंकज कुमार के साथ हो रही थी। बारात धूमधाम से पहुंची थी और विवाह की रस्में चल रही थीं।
बताया गया कि जैसे ही दुल्हन वरमाला के लिए स्टेज पर पहुंची और दूल्हे को माला पहनाने वाली थी, तभी दूल्हे की पहली पत्नी नीलम देवी वहां पहुंच गई। उसने सबके सामने दूल्हे की कॉलर पकड़ ली और चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने बारातियों को दौड़ाया
दूल्हे के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हंगामे के दौरान दूल्हे पंकज कुमार का सिर फट गया।
ग्रामीणों ने दूल्हे के पिता और चाचा को भी बंधक बना लिया। वहीं बारात में आई तीन गाड़ियों को कब्जे में रख लिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस ने दूल्हे और पहली पत्नी को लिया हिरासत में
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पटोरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दूल्हे के साथ उसकी पहली पत्नी नीलम देवी को थाने ले आई।
हंगामे के कारण शादी की सभी रस्में रोक दी गईं और विवाह नहीं हो सका। समाचार लिखे जाने तक पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही थी।
तमिलनाडु में हुई थी पहली शादी
थाने में नीलम देवी ने बताया कि करीब छह साल पहले तमिलनाडु में उसकी शादी पंकज कुमार से हुई थी। दोनों वहां एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करते थे और पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे।
नीलम के अनुसार, उसे पति की दूसरी शादी की जानकारी पहले ही मिल गई थी। इस संबंध में उसने वैशाली जिले के तिसिऔता थाना में आवेदन भी दिया था। बाद में शादी की जानकारी मिलने पर वह सीधे समारोह स्थल पर पहुंच गई।
दो बच्चों की मां है पहली पत्नी
नीलम देवी ने पुलिस को बताया कि वह पहले से तलाकशुदा थी और एक बच्चे की मां थी। पंकज से शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। उसने कहा कि चाहे उसकी जिंदगी बर्बाद हो जाए, लेकिन वह दूसरी लड़की की जिंदगी खराब नहीं होने देगी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। वहीं ग्रामीण अब भी दूल्हे के पिता और चाचा को रोके हुए थे।