नरपतगंज में 122 बोतल नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
नरपतगंज, अररिया:
अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत फुलकाहा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बॉर्डर क्षेत्र से 122 बोतल नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से शराब लदी बाइक भी जब्त कर ली है।
बॉर्डर पार कर भारतीय क्षेत्र में घुस रहा था तस्कर
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार तस्कर की पहचान मिर्जापुर वार्ड संख्या 01 निवासी जीवन कुमार, पिता जयराम यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तस्कर बाइक पर नेपाली शराब की खेप लेकर भारतीय सीमा क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था।
इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर सक्रिय फुलकाहा थाना पुलिस ने बॉर्डर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जहां बाइक से 122 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई।
शराब बरामद होते ही किया गया गिरफ्तार
शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे नेटवर्क और शराब की सप्लाई चेन को लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
प्राथमिकी दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
फुलकाहा थाना अध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 122 बोतल नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।