अररिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 464 बोतल नेपाली शराब के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
अररिया: सिकटी थाना पुलिस ने संध्या गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 464 बोतल नेपाली शराब के साथ पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की संध्या पुलिस बल गश्ती पर निकला था। इसी दौरान सूचना मिली कि पांच व्यक्ति नेपाल से शराब लेकर कासत बाजार के पीछे के रास्ते से गुजरने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के लिए गश्ती दल को मौके पर भेजा गया।
पुलिस टीम ने बांस के झुरमुट में वाहन खड़ा कर घेराबंदी करते हुए इंतजार किया। कुछ देर बाद पांच व्यक्ति सिर पर बोरी लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने सभी को घेरकर पकड़ लिया और पूछताछ की।
बोरी की तलाशी में बरामद हुई नेपाली शराब
पुलिस द्वारा बोरी की जांच करने पर कुल 464 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई। इसके बाद सभी आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
गिरफ्तार तस्करों में शामिल हैं —
- नंदन कुमार (17), पिता मायानंद सादा
- विशाल कुमार, पिता राम कुमार सरदार
- बिंदेश्वर सादा, पिता अच्छेलाल सादा
ये तीनों सिकटी थाना क्षेत्र के लतहा वार्ड संख्या 07 के निवासी बताए गए हैं।
वहीं अन्य दो गिरफ्तार आरोपितों में —
- कुंदन कुमार सरदार, पिता धनेलाल सरदार, निवासी शिशाबाड़ी वार्ड 11
- निर्मल पासवान, पिता बोकाई पासवान, निवासी भूमपोखर वार्ड 14, थाना कुआड़ी
शामिल हैं।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।