अररिया में स्कॉर्पियो से 180 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, अररिया ने अवैध विदेशी शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 लीटर शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में एक महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन को जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
किशनगंज से फारबिसगंज लाई जा रही थी शराब की खेप
मिली जानकारी के अनुसार मद्य निषेध, अररिया के अधीक्षक निरंजन कुमार झा को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि किशनगंज से फारबिसगंज की ओर अररिया-फोरलेन सड़क मार्ग से विदेशी शराब की बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए सअनि रंजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
छापेमारी दल में अनि पूजा कुमारी, मद्य निषेध सिपाही एवं गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।
हरियाबारा टोल प्लाजा के पास घेराबंदी
उत्पाद विभाग की टीम सुबह करीब 09:10 बजे अररिया-फारबिसगंज फोरलेन स्थित हरियाबारा टोल प्लाजा के समीप पहुंचकर वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। लगभग 09:40 बजे अररिया गोढ़ी चौक की ओर से आ रही एक संदिग्ध महिंद्रा स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने त्वरित घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान चालक ने वाहन में शराब होने की बात स्वीकार कर ली।
समस्तीपुर का तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार चालक की पहचान समस्तीपुर जिला के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवतपुर वार्ड संख्या 02 निवासी पप्पू कुमार, पिता सुरेंद्र राय के रूप में की गई है।
डिक्की और सीट के नीचे छिपाकर रखी गई थी शराब
वाहन की तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो की डिक्की एवं पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 750 एमएल की कुल 240 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 180 लीटर बताई गई है।
बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा ने बताया कि मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।