Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:रेलवे स्टेशन पर खीरे में मिलाया जा रहा था रंग, वीडियो वायरल होने के बाद RPF की कार्रवाई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 8, 2026

BIHAR:रेलवे स्टेशन पर खीरे में मिलाया जा रहा था रंग, वीडियो वायरल होने के बाद RPF की कार्रवाई

कटिहार रेलवे स्टेशन पर खीरे में मिलाया जा रहा था रंग, वीडियो वायरल होने के बाद RPF की कार्रवाई

ताजा दिखाने के लिए हरे रंग में डुबोकर बेचे जा रहे थे खीरे

कटिहार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेचने के लिए खीरे में रंग मिलाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दो महिलाएं खीरे को अधिक ताजा और आकर्षक दिखाने के लिए हरे रंग में डुबोती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और यात्रियों की सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई RPF

मामले की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तत्काल जांच शुरू कर दी। आरपीएफ इंस्पेक्टर विक्रम ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक शिकायत और वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें दो महिलाएं खीरे में रंग मिलाती दिखाई दे रही थीं।

शिकायत के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और स्टेशन परिसर व आसपास जांच अभियान चलाया गया।

8 महिला वेंडरों को हिरासत में लिया गया

जांच के दौरान आरपीएफ ने स्टेशन परिसर और आसपास अवैध रूप से वेंडिंग कर रही 8 महिला वेंडरों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वीडियो में दिख रही एक महिला की पहचान कर उसे अलग से पूछताछ के लिए रखा गया।

महिला ने स्वीकार किया कि खीरे को ज्यादा हरा और ताजा दिखाने के लिए मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले खाद्य रंग का उपयोग किया जाता था।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर उठे सवाल

इस घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि स्टेशन परिसर में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच होनी चाहिए ताकि यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।

RPF ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

आरपीएफ इंस्पेक्टर विक्रम ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध वेंडिंग के खिलाफ विशेष अभियान तेज किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।