औरंगाबाद। औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के हसनवार गांव के पास मंगलवार की रात करीब आठ बजे बरात में शामिल दो युवकों ने राजद सांसद अभय कुमार सिन्हा उर्फ अभय कुशवाहा के स्कॉर्पियो कार पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने चालक नवलेश कुमार एवं सांसद के निजी सहायक संजय कुमार की पिटाई कर दी। दोनों को गाली देते हुए गाड़ी को आगे बढ़ने से रोक दिया। घटना के समय सांसद कार में नहीं थे।
बताया जा रहा है कि सड़क से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद कार पर सवार दो युवकों ने सांसद के ड्राइवर की पिटाई कर दी।
सांसद के निजी सहायक ने बताया कि गाड़ी के आगे दूल्हा की कार लगाकर रास्ता रोका गया था। उन्होंने बताया कि मदनपुर के श्रीडीह गांव से वापस लौट रहे थे कि रास्ते में हसनवार गांव के पास यह घटना हुई है।
फोन पर सांसद ने बताया कि मैं पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा के निधन की खबर सुन उनके स्वजनों से मिलने आया हूं। मेरी अनुपस्थिति में निजी सहायक गांवों में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। यह मेरी हत्या कराने की साजिश हो सकती है, क्योंकि गाड़ी पर सांसद का बोर्ड लगा है।
उन्होंने कहा कि मैंने घटना से संबंधित सूचना औरंगाबाद के एसपी के अलावा अन्य को दी है। मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सड़क से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हुआ है। सांसद की गाड़ी को तोड़ा गया है। घटनास्थल पर पहुंच पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।