अररिया में सफारी स्टॉर्म से 126 लीटर विदेशी बीयर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
अररिया/कोशी लाइव रिपोर्ट :
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं, लेकिन अररिया मद्यनिषेध विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत सफारी स्टॉर्म वाहन से 126 लीटर विदेशी बीयर बरामद की गई है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर बनाई गई विशेष टीम
मिली जानकारी के अनुसार जिला उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि उजले रंग की एक सफारी स्टॉर्म गाड़ी में विदेशी शराब की बड़ी खेप अररिया-पूर्णिया फोरलेन के रास्ते पूर्णिया ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही अनि पूजा कुमारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में अनि रंजीत कुमार, मद्य निषेध सिपाही एवं गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।
सुबह 05:15 बजे घेराबंदी कर पकड़ी गई गाड़ी
उत्पाद विभाग की टीम ने महलगांव थाना क्षेत्र स्थित करयात पुलिस कैंप के समीप फोरलेन पर सुबह करीब 04:40 बजे से ही निगरानी शुरू कर दी। लगभग 05:15 बजे अररिया की ओर से आती संदिग्ध सफारी स्टॉर्म वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर गाड़ी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वाहन में शराब की खेप लदी हुई है।
वैशाली और पूर्णिया के तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिला के गौरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत मथना मिलिक वार्ड संख्या 08 निवासी सह चालक मो. सज्जाद तथा पूर्णिया जिला के कसबा थाना क्षेत्र के गढ़बनैली वार्ड संख्या 02 निवासी अमन कुमार के रूप में की गई है।
डिक्की और सीट के नीचे छिपाकर रखी गई थी बीयर
तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की एवं पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 500 एमएल की 252 बोतल विदेशी बीयर बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 126 लीटर बताई गई है। बरामद सभी बोतलों पर “For Sale in West Bengal” अंकित पाया गया।
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल एवं किशनगंज बॉर्डर एनएच क्षेत्र से लोड की गई थी और इसे पूर्णिया के गढ़बनैली पहुंचाया जाना था।
बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त वाहन, शराब एवं दोनों आरोपियों को उत्पाद थाना अररिया लाया गया, जहां जब्ती सूची तैयार कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।