मधेपुरा पुलिस ने कोढ़ा गैंग के दो सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से चोरी की एक पल्सर-220 बाइक, अवैध स्मैक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने बैंक ग्राहकों से नकदी छीनने और महिलाओं से चेन स्नैचिंग की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
बुधवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि 19 मई की शाम सदर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक चोरी की बाइक से अवैध नशीला पदार्थ लेकर भर्राही के रास्ते मधेपुरा आ रहे हैं। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने मधेपुरा-भर्राही सड़क स्थित नवानगर नदी पुल के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान भर्राही की ओर से आ रहे पल्सर-220 बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नया टोला जुराबगंज निवासी सिंटू कुमार और गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान सिंटू कुमार के पास से करीब 6 ग्राम और गुड्डू कुमार के पास से 6.65 ग्राम स्मैक बरामद की गई। दोनों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद पल्सर-220 बाइक कटिहार के मिरचाईबाड़ी इलाके से चोरी की गई थी। वे चोरी की बाइक का इस्तेमाल बैंक ग्राहकों की रेकी कर नकदी छीनने और मौका नहीं मिलने पर महिलाओं से चेन स्नैचिंग करने में करते थे।
पुलिस के अनुसार 8 मई को आजाद नगर हनुमान मंदिर के पास हुई चेन छिनतई की घटना में भी दोनों की संलिप्तता सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज से दोनों के चेहरों का मिलान होने के बाद उनकी पहचान की पुष्टि हुई।
छापेमारी टीम में सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु Kumar, कन्हैया कुमार, सिपाही अंकज कुमार, नितेश कुमार, अरुण कुमार सिंह और मो. अब्दुल कादिर शामिल थे।