Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:एक्साइज टीम से बचकर भाग रही ‘प्रेस’ लिखी कार दुकानों में घुसी; एक गंभीर घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 21, 2026

MADHEPURA:एक्साइज टीम से बचकर भाग रही ‘प्रेस’ लिखी कार दुकानों में घुसी; एक गंभीर घायल

कुमारखंड चौक पर बड़ा हादसा, एक्साइज टीम से बचकर भाग रही ‘प्रेस’ लिखी कार दुकानों में घुसी; एक गंभीर घायल
मधेपुरा | कुमारखंड
मधेपुरा जिले के कुमारखंड चौक पर गुरुवार अहले सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक्साइज विभाग की टीम द्वारा पीछा किए जाने के दौरान ‘प्रेस’ लिखी एक तेज रफ्तार चार चक्का वाहन अनियंत्रित होकर दो दुकानों में जा घुसी। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार मधेपुरा एक्साइज इंस्पेक्टर बबलू कुमार पुलिस बल के साथ मीरगंज-जदिया एसएच-91 स्थित जदिया-कुमारखंड सीमा पर वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े चार बजे ‘प्रेस’ लिखी एक चार चक्का वाहन (बीआर 03पीए 8287) को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार में लेकर कुमारखंड की ओर भागने लगा।
वाहन चालक की पहचान बिशनपुर कोड़लाही टोला गिदराही वार्ड संख्या-02 निवासी नीतीश कुमार, पिता राम भजन यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि पीछा किए जाने के दौरान कुमारखंड पहुंचते ही वाहन का पिछला चक्का ब्लास्ट कर गया। इसके बाद अनियंत्रित वाहन कुमारखंड चौक स्थित कैलाश गोस्वामी और बौना गोस्वामी की दुकानों में जा घुसा।
हादसे के दौरान दुकान के समीप टहल रहे सिंघेश्वर मल्लिक वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनका पैर टूट गया। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले में एक्साइज इंस्पेक्टर बबलू कुमार ने बताया कि संदिग्ध वाहन कुमारखंड सीमा में प्रवेश कर रहा था। पीछे से रोशनी पड़ने पर वाहन में कार्टून जैसा सामान दिखाई दिया, जिसके बाद संदेह होने पर टीम ने वाहन का पीछा किया। इसी दौरान दुर्घटना हो गई।