Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में शराब तस्करों की कार ने जदयू नेता को कुचला, मौत; 1050 बोतल शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 21, 2026

सुपौल में शराब तस्करों की कार ने जदयू नेता को कुचला, मौत; 1050 बोतल शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

सुपौल में शराब तस्करों की कार ने जदयू नेता को कुचला, मौत; 1050 बोतल शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
सुपौल/रतनपुरा:
सुपौल जिले के रतनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-106 स्थित नई बाजार रतनपुर में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में जदयू नेता एवं किराना व्यवसायी मनोज कुमार की मौत हो गई। नेपाल से शराब लेकर भाग रही तस्करों की तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस नेपाल से लाई जा रही अवैध शराब की खेप का पीछा कर रही थी। इसी दौरान तस्करों की होंडा सिटी कार (HR-26BX 6782) अनियंत्रित हो गई। पहले कार एक ट्रैक्टर से टकराई और फिर सड़क किनारे जा रहे मनोज कुमार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर का अगला चक्का टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि मनोज कुमार अपनी पोती को स्कूल छोड़कर रतनपुरा चौक स्थित किराना दुकान खोलने जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार को रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी पुष्पा कुमारी रतनपुर वार्ड-5 में आंगनबाड़ी सेविका के पद पर कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया।
इधर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब लेकर भाग रहे दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी अभिषेक कुमार एवं विपिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने कार से नेपाल ब्रांड की 1050 बोतल देसी शराब बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप नेपाल के लाही क्षेत्र से लाई जा रही थी और सिमराही में इसकी डिलीवरी की योजना थी।
रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच जारी है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।