दरभंगा । विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के रामबाग गेट के पास चेन छिनतई के दौरान बदमाशों को पकड़ने में चाय दुकानदार श्रवण राम की हुई हत्या में गिरफ्तार बदमाश के पास से बरामद हथियार को देख पुलिस वाले भी दंग रह गए।
मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थानाक्षेत्र के कटरा निवासी केशव कुमार सिंह उर्फ हीरा लाल उर्फ रोहित उर्फ पन्नू सिंह उर्फ चुन्नू सिंह के पास से तीन पिस्टल, 79 कारतूस, पांच मैगजीन, घटना में प्रयुक्त एक पल्सर बाइक, 15 मोबाइल, चेन स्नेचिंग से संबंधित कई उपकरण सहित काले रंग की एक स्कार्पियो और विभिन्न वाहनों के फर्जी नंबर प्लेट बरामद किए गए हैं।
तकनीकी सेल की मदद से पुलिस जब बुधवार को बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में जब एक झा नामक व्यक्ति के मकान में छापेमारी की तो यह अंदाजा नहीं था कि किराए के कमरे में रह रहे एक साधारण व्यक्ति इतना बड़ा शातिर अपराधी होगा।
दरअसल, आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के दौरान गोली चलाना, हत्या करना उसके लिए आम बात है। केशव 2016 के अप्रैल में अपने साथी मुन्ना व गोलू उर्फ राजा विक्रम के साथ मिलकर मुजफ्फरपुर शहर में तीन महिलाओं से चेन की छिनतई कर ली थी। इस दौरान वह मुशहरी निवासी अनिल कुमार पासवान को गोली मार दिया था।
इसके बाद केशव ने अपने शार्गिदों के साथ 18 मई 2016 को गोबरसही स्थित एसबीआइ बैंक से सुबह-सुबह डकैती कर 22.25 लाख रुपये लूटकर फरार हो गया था। वहीं मुजफ्फरपुर में हथियार डीलिंग को लेकर हास्टल में रह रहे पीजी छात्र राजवर्धन शर्मा को गोलियों से भून दिया था।
उसके खिलाफ दरभंगा के जाले , सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा,बोचहां,पीयर, मुशहरी, कटरा, विश्वविद्यालय आदि थाने सहित आस-पास के कई जिलों में चेन छिनतई, लूट, डकैती, हत्या आदि कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने स्वीकार किया है कि वे अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दरभंगा में चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे। 13 मई को अपने साथी के पकड़े जाने पर दो पिस्टल से फायरिंग करने और श्रवण राम की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि घटना के बाद सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इसमें एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। जिसकी निशानदेही पर अन्य को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि 13 मई की सुबह नगर थानाक्षेत्र के रामबाग गेट पर विशनपुर थानाक्षेत्र के गोढियारी निवासी (वर्तमान पता रामबाग) अमित सिंह के गले से सोने की चेन छिनतई दौरान एक बदमाश को अमित ने दबोच लिया। इसके बाद बाइक चला रहे बदमाश कमर के आगे और पीछे से दो पिस्टल निकालकर फायरिंग करने लगा।
इस बीच विश्वविद्यालय परिसर में चाय दुकान खोलने जा रहे हसनचक निवासी श्रवण राम ने हिम्मत दिखाई और बदमाश को पकड़ने में अमित का सहयोग किया। इस बीच उसके सीने में गोली लग गई और वह नीचे गिर गया। इसके बाद पकड़ा गया बदमाश भी फायरिंग करते हुए अपने साथी के साथ फरार हो गया।
-----------