Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, CHC के लिपिक 37 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 8, 2026

BIHAR:निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, CHC के लिपिक 37 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

जमुई में निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, CHC के लिपिक 37 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

जमुई। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को बड़ी सफलता हाथ लगी है। निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सोनो के लिपिक को 37 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

कार्यालय कक्ष से हुई गिरफ्तारी

निगरानी थाना कांड संख्या-053/26, दिनांक 07.05.2026 के तहत कार्रवाई करते हुए ब्यूरो की टीम ने 08 मई 2026 को आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सोनो, जिला-जमुई स्थित उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय आरोपी 37,000 रुपये रिश्वत ले रहे थे।

वेतन भुगतान के एवज में मांगी गई थी रिश्वत

मिली जानकारी के अनुसार परिवादिनी ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि जून 2025 में योगदान देने के बावजूद अब तक उनका वेतन भुगतान नहीं किया गया था।

आरोप है कि संबंधित वेतन भुगतान विपत्र भेजने के एवज में आरोपी लिपिक द्वारा एक माह का वेतन रिश्वत के रूप में मांगा जा रहा था।

सत्यापन में सही पाया गया आरोप

निगरानी ब्यूरो द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद कांड दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।

तलाशी में अतिरिक्त 35 हजार रुपये बरामद

धावादल ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद कार्यालय कक्ष की तलाशी के दौरान आरोपी की आलमारी से अतिरिक्त 35 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।

निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।