अररिया। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अररिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार सुबह ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को 1028 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद फिरोज अंसारी के रूप में हुई है, जो बरदाहा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 का निवासी बताया जा रहा है।
वाहन जांच के दौरान हुई गिरफ्तारी
मिली जानकारी के अनुसार ताराबाड़ी थाना पुलिस अररिया-कुर्साकाटा मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 1028 ग्राम स्मैक एवं एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने कहा- नशे के कारोबारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
अररिया पुलिस अधीक्षक जीतेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की “जीरो टॉलरेंस” नीति है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति नशे का कारोबार कर युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में ताराबाड़ी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी नशे से जुड़े मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ बरदाहा थाना एवं सिकटी थाना में एनडीपीएस एक्ट और मद्य निषेध अधिनियम के तहत पूर्व से मामले दर्ज हैं।
कई महीनों से जारी है विशेष अभियान
छापेमारी टीम में ताराबाड़ी थाना प्रभारी रंजीत कुमार, रमेश प्रसाद, बिरेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
एसपी जीतेंद्र कुमार ने बताया कि अररिया जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर स्मैक की सप्लाई चेन और अन्य तस्करों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।