खबर:
कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र अंतर्गत विनोदपुर पंचायत के शेखटोला गांव में एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शेखटोला निवासी तौकीर आलम की 19 वर्षीय पत्नी सोनी खातून के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही रौतारा थाना पुलिस, एफएसएल टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बताया जाता है कि सोनी खातून का मायका आजमनगर थाना क्षेत्र के बरमाईन पंचायत में है और करीब आठ महीने पहले ही उसकी शादी तौकीर आलम से हुई थी, जो पेशे से दर्जी है।
पुलिस के अनुसार, शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला है। स्थानीय लोग पारिवारिक तनाव या अन्य व्यक्तिगत कारणों की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।