Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 20 हजार रुपये रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार, GPF भुगतान के बदले मांगी थी रकम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 8, 2026

बिहार में 20 हजार रुपये रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार, GPF भुगतान के बदले मांगी थी रकम

पटना में 20 हजार रुपये रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार, GPF भुगतान के बदले मांगी थी रकम

दानापुर में निगरानी विभाग की कार्रवाई, एम्स गोलंबर के पास रंगेहाथ पकड़ा गया

पटना: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने गुरुवार को दानापुर में कार्रवाई करते हुए अवर प्रमंडल पशुपालन कार्यालय में पदस्थापित निम्नवर्गीय लिपिक विजय कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। निगरानी टीम ने आरोपी लिपिक को एम्स गोलंबर के पास बुल्लू पान दुकान के समीप से गिरफ्तार किया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही अवर प्रमंडल पशुपालन कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

GPF भुगतान के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत

जानकारी के अनुसार, नौबतपुर थाना क्षेत्र के निसरपुरा अमरपुरा निवासी राजेंद्र प्रसाद ने अपने GPF के करीब छह लाख रुपये के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के बदले लिपिक विजय कुमार रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की योजना तैयार की गई।

निगरानी थाना में दर्ज हुआ केस

निगरानी विभाग के अनुसार, मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 118/26 दर्ज किया गया है। विजय कुमार के खिलाफ 7 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद निगरानी विभाग ने कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की।

टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक आसिफ इकबाल मेहदी ने किया, जबकि मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस निरीक्षक जहांगीर अंसारी को दी गई।

20 हजार रुपये लेते ही दबोचा

निगरानी टीम ने तय योजना के अनुसार एम्स गोलंबर के पास बुल्लू पान दुकान के समीप कार्रवाई की। इसी दौरान लिपिक विजय कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी लिपिक को अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आरोपी को विशेष न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Kosi Live की रिपोर्ट