Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा–सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मंदिरों में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 3, 2026

मधेपुरा–सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मंदिरों में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार

मधेपुरा–सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मंदिरों में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार

मधेपुरा/सुपौल: मधेपुरा और सुपौल जिले की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरजिला गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, पीतल के भारी घंटे और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

लगातार छापेमारी के बाद मिली कामयाबी

मिली जानकारी के अनुसार, मधेपुरा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शंकरपुर और त्रिवेणीगंज थाना पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद लगातार छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  • मो. साजिद (पिता- मो. अब्बू तालिब, निवासी मधेली बाजार, थाना- शंकरपुर)
  • आशीष कुमार (पिता- सुरेन्द्र यादव, निवासी मधेली बाजार, थाना- शंकरपुर)
  • अंकित कुमार (पिता- राजकिशोर गुप्ता, निवासी गम्हरिया, थाना- गम्हरिया)
    के रूप में की है।

कई मंदिरों को बना चुका था निशाना

बताया गया कि यह गिरोह पिछले कुछ महीनों से लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहा था।

  • अप्रैल माह में शंकरपुर थाना क्षेत्र के अताराहा काली मंदिर और मधेली कार्तिक भगवान मंदिर से दान पेटी और घंटे चोरी किए गए थे।
  • वहीं मार्च–अप्रैल के दौरान सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज स्थित चम्पावती मंदिर और राजेश्वरी मंदिर से चांदी के मुकुट, छत्र और पीतल के घंटे चोरी कर लिए गए थे।

भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का बड़ा जखीरा बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं—

  • 05 पीतल के घंटे (करीब 19 किलो)
  • लगभग 380 ग्राम चांदी का श्रृंगार
  • 50 ग्राम चांदी का मुकुट
  • 230 ग्राम चांदी का छत्र व घुंघरू
  • चांदी की पायल व अन्य आभूषण
  • चोरी में इस्तेमाल किया गया ऑटो

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस पूरे अभियान में शंकरपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार, त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पु.अ.नि. महितोष परासर, पु.अ.नि. राजन कुमार सहित मधेपुरा और सुपौल की डीआईयू टीम व सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए यह बड़ी सफलता है। इस गिरोह के पकड़े जाने से इलाके में मंदिर चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।