Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सनकी पति ने की पत्नी-3 बच्चों की हत्या:लाठी-रॉड से पीट-पीटकर मार डाला; भाई बोला- सुबह देखा तो सभी खून से लथपथ थे - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 19, 2026

BIHAR:सनकी पति ने की पत्नी-3 बच्चों की हत्या:लाठी-रॉड से पीट-पीटकर मार डाला; भाई बोला- सुबह देखा तो सभी खून से लथपथ थे

दरभंगा में सनकी पति बना हैवान, पत्नी समेत तीन मासूम बच्चों को उतारा मौत के घाट
दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपट्टी गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक सनकी पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस खूनी वारदात में पत्नी समेत तीन बच्चों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिले के कुंडी थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय फूल कुमारी दास, 7 वर्षीय पुत्र हृदय दास, 6 वर्षीय पुत्री संध्या दास और 5 वर्षीय पुत्र सोन दास के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल सोन दास को इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पूरा परिवार चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी करता था। मंगलवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी संदीप दास ने अपना आपा खो दिया और पत्नी व बच्चों पर जानलेवा हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने डंडे और लोहे की रॉड से बेरहमी से पूरे परिवार को पीटना शुरू कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पतोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद संदीप दास ने खुद को भी घायल कर लिया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। मृतका के भाई मंगू दास ने बताया कि सुबह पति-पत्नी के बीच साधारण विवाद हुआ था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना भयावह रूप ले लेगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मिथिला क्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।