रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। सीमावर्ती क्षेत्र रक्सौल में पटना से नाबालिग के अपहरण के आरोपित युवक को पुलिस ने अपहृत लड़की के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी रक्सौल थाना की एसआई जेबा परवीन ने दी।उन्होंने बताया कि 16 मई को पटना के खुशरूपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग को घर में ट्यूशन पढ़ाने वाला युवक अभिमन्यु कुमार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद स्वजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन लड़की का कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद स्वजनों ने खुशरूपुर थाना में अभिमन्यु कुमार, उसके पिता दिनेश राय, माता आशा देवी और भाई मनीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी
इधर, पटना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अपहृत नाबालिग को नेपाल ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए रक्सौल पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई की। इसी दौरान नेपाल जाने की कोशिश कर रहे आरोपित अभिमन्यु कुमार को अपहृत लड़की के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपित रक्सौल के एक होटल में कुछ समय के लिए ठहरा था। इसके बाद वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहा था, तभी सीमा पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।