भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष शाहीन परवीन गिरफ्तार, 14.56 लाख के जेवर हड़पने का आरोप
सीतामढ़ी: स्वर्ण व्यवसायी से लाखों रुपये के आभूषण हड़पने के मामले में नगर थाना पुलिस ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष शाहीन परवीन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया। घटना के बाद राजनीतिक और कारोबारी हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला शहर के चर्चित स्वर्ण व्यवसायी एवं भाजपा नेता ध्रुव कुमार शर्राफ से जुड़ा है। आरोप है कि शाहीन परवीन और उनके एक करीबी ने भरोसे के आधार पर करीब 14 लाख 56 हजार 700 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लिए थे, लेकिन बाद में उन्हें वापस नहीं किया।
जेवर लौटाने में की जा रही थी टालमटोल
पीड़ित व्यवसायी की ओर से नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि कई बार मांग करने के बावजूद आरोपी पक्ष द्वारा जेवर लौटाने में लगातार टालमटोल की जा रही थी। इसके बाद परेशान होकर व्यवसायी ने पुलिस से शिकायत की।
जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए
नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद शाहीन परवीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद शहर में चर्चाओं का दौर
भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद शहर के राजनीतिक और कारोबारी हलकों में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।