Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, ASI का सिर फोड़ा; 9 आरोपी गिरफ्तार, 19 पर FIR - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 24, 2026

सुपौल में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, ASI का सिर फोड़ा; 9 आरोपी गिरफ्तार, 19 पर FIR

सुपौल में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, ASI का सिर फोड़ा; 9 आरोपी गिरफ्तार, 19 पर FIR
राघोपुर थाना क्षेत्र के महादलित टोला में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 19 नामजद समेत 10 से 15 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना 23 मई की रात की बताई जा रही है। प्राथमिकी के अनुसार, राघोपुर थाना में पदस्थापित एएसआई अंजय कुमार महिला गृह रक्षक काजल कुमारी और गृह रक्षक नितेश कुमार के साथ ग्रामीण रात्रि गश्ती पर निकले थे। रात करीब 11:25 बजे पुलिस टीम नहर मुशहरी टोला स्थित दिनाभद्री मंदिर के पास पहुंची, जहां कुछ युवक सड़क किनारे खड़े मिले।
पुलिस द्वारा युवकों को घर जाने की सलाह देने पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि युवकों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया, जिसके बाद करीब 30 से 35 महिला-पुरुष लाठी, फरसा, दबिया और अन्य धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
हमले में एएसआई अंजय कुमार के सिर पर दबिया से वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला गृह रक्षक काजल कुमारी और नितेश कुमार के साथ भी मारपीट की गई। हमलावरों ने सरकारी पुलिस वाहन संख्या BR-01HR-4967 में भी जमकर तोड़फोड़ की।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एएसआई अंजय कुमार ने मोबाइल से थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखते ही कई आरोपी फरार हो गए, लेकिन मौके से 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के दौरान अफरा-तफरी में गृह रक्षक नितेश कुमार की सरकारी राइफल भी गायब हो गई थी। बाद में पुलिस ने नहर किनारे झाड़ियों से राइफल बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मारपीट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।