Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में फिरौती के लिए अपहरण का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; 4 दिन बाद युवक सकुशल बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 24, 2026

मधेपुरा में फिरौती के लिए अपहरण का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; 4 दिन बाद युवक सकुशल बरामद

मधेपुरा में फिरौती के लिए अपहरण का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; 4 दिन बाद युवक सकुशल बरामद
मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में फिरौती के लिए किए गए अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत युवक को चार दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया। मामले में तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस को 23 मई 2026 की शाम करीब 5:40 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे चार दिनों से बंधक बनाकर रखा गया है। फिरौती नहीं मिलने पर आरोपियों द्वारा जमीन लिखवाने के लिए स्टांप पेपर के साथ उसे ग्राम झिटकिया लाया गया था।
सूचना मिलते ही मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिंहेश्वर थाना अध्यक्ष पु०नि० विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम झिटकिया में घेराबंदी कर अपहृत नीतिश कुमार (34 वर्ष), निवासी रानी शंकरपुरा, खगड़िया को सकुशल बरामद कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी संदीप कुमार (20 वर्ष), निवासी तरैया वार्ड-06, थाना सिंहेश्वर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दुर्गा चौक के पास से दूसरे आरोपी श्रवण ठाकुर (32 वर्ष) को भी दबोच लिया। हालांकि तीन अन्य आरोपी मक्का के खेत का लाभ उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने फरार आरोपी मोनू कुमार के घर पर छापेमारी के दौरान अपहृत की काले रंग की यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल (BR-19S-7343) भी बरामद की है। इसके अलावा चार स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस मामले में सिंहेश्वर थाना कांड संख्या 215/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
संदीप कुमार, पिता दिनेश ठाकुर
श्रवण ठाकुर, पिता जागेश्वर ठाकुर
दोनों आरोपी तरैया वार्ड-06, थाना सिंहेश्वर, जिला मधेपुरा के निवासी हैं।