सुपौल में 91.20 लाख की 228 किलो गांजा जब्त: भारत-नेपाल बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग लड़की रेस्क्यू; शराब और बाइक भी बरामद
बिहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) 45वीं बटालियन वीरपुर ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 228 किलोग्राम गांजा, 27.6 लीटर नेपाली देसी शराब और दो बाइक जब्त की है। इसके साथ ही जवानों ने एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया। जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 91 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए SSB कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा चौकियों को अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद अलग-अलग इलाकों में विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई।
बाइक की सीट में छिपाकर लाई जा रही थी नेपाली शराब
सीमा चौकी नियोर के जवानों ने मध्य निषेध विभाग के साथ संयुक्त गश्ती अभियान चलाया। इस दौरान नेपाल से बाइक पर भारत आ रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग निकला।
गिरफ्तार युवक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो मधुबनी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के अंदर छिपाकर रखी गई 27.6 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई। इसके बाद आरोपी, शराब और बाइक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मध्य निषेध विभाग को सौंप दिया गया।
नेपाल से भागकर आ रहे किशोर-किशोरी को पकड़ा
वहीं सीमा चौकी शैलेशपुर पर जांच के दौरान जवानों ने एक लड़के और 12 वर्षीय नाबालिग लड़की को संदिग्ध हालत में पकड़ा। पूछताछ में लड़के ने अपनी पहचान राहुल कुमार (17 वर्ष), निवासी कटिहार के नवाबगंज के रूप में बताई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों नेपाल से भागकर भारत आ रहे थे और शादी करने की योजना बना रहे थे। जवानों को उनके दस्तावेजों पर संदेह हुआ, जिसके बाद परिजनों से संपर्क किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को भीमनगर थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
मक्के के खेत के रास्ते हो रही थी गांजा तस्करी
इसी क्रम में सीमा चौकी रिफ्यूजी कॉलोनी के जवानों ने विशेष नाका ड्यूटी के दौरान नेपाल से भारत आ रहे संदिग्ध लोगों को रोकने का प्रयास किया। जवानों को देखते ही कई तस्कर मक्के की खेती और अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग निकले, लेकिन एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सैयद अंसारी के रूप में हुई है, जो नेपाल के सुनसरी जिले के रामनगर का रहने वाला बताया गया है। उसके कब्जे से 228 किलो गांजा बरामद किया गया। बाद में आरोपी और बरामद गांजा को वीरपुर थाना के हवाले कर दिया गया।
कई जवानों ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरे अभियान में निरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक धीरज सिंह, एएसआई विनोद कुमार और उपनिरीक्षक प्यारे राम समेत कई जवानों की अहम भूमिका रही। SSB अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी और मानव तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।