सहरसा. सदर थाना पुलिस ने रविवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सरडीहा गांव निवासी कुमार गौरव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बीएसएफ का पूर्व जवान है और वर्ष 2021 तक बल में कार्यरत था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना की गश्ती टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि बस स्टैंड इलाके में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में खुले विदेशी शराब को डिब्बों में भरकर बिक्री के उद्देश्य से पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी शुरू कर दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली। जांच में उसके पास से 20-20 लीटर क्षमता वाले आठ डिब्बे बरामद किए गए, जिनमें खुला विदेशी शराब भरा हुआ था। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 150 लीटर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विभिन्न ब्रांड की खाली बोतलों में खुले शराब को भरकर बाजार में अवैध तरीके से बेचने का काम करता था। आशंका जताई जा रही है कि वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था और आसपास के कई क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करता था।
सदर थाना पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कारोबारी पहले भी इस तरह के अवैध धंधे में संलिप्त रहा है। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई जाती थी, इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।