Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में तेज आंधी-बारिश से गिरा बीएसएनएल टावर, 5 घर क्षतिग्रस्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, May 9, 2026

मधेपुरा में तेज आंधी-बारिश से गिरा बीएसएनएल टावर, 5 घर क्षतिग्रस्त

मधेपुरा में तेज आंधी-बारिश से गिरा बीएसएनएल टावर, 5 घर क्षतिग्रस्त

फुलौत पूर्वी पंचायत में बड़ा हादसा टला, पहले ही दी गई थी टावर गिरने की चेतावनी

मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड स्थित फुलौत पूर्वी पंचायत के वार्ड नंबर 01 में शुक्रवार रात तेज आंधी और बारिश के दौरान एक बीएसएनएल टावर अचानक गिर गया। टावर गिरने से पांच लोगों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि जनप्रतिनिधियों की सतर्कता और समय रहते अधिकारियों को सूचना देने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह बीएसएनएल टावर बीते 4 मई को आए तेज आंधी और बारिश के बाद से ही झुक गया था। स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला पार्षद अनिकेत कुमार मेहता एवं राजेश कुमार सिंह ने उदाकिशुनगंज अनुमंडल पदाधिकारी तथा बीएसएनएल सहरसा के एओ को आवेदन देकर इसकी जानकारी दी थी।

आवेदन में जताई गई थी बड़े हादसे की आशंका

जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए आवेदन में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि झुका हुआ टावर कभी भी गिर सकता है और इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया था कि बीएसएनएल टावर के बिल्कुल बगल में जियो का टावर भी मौजूद है, जिसकी दिशा में बीएसएनएल टावर झुका हुआ था।

इसके अलावा टावर के समीप महादलित टोला होने के कारण दोनों टावरों के एक साथ गिरने से बड़े नुकसान और जनहानि की आशंका जताई गई थी। जनप्रतिनिधियों ने तत्काल कार्रवाई कर संभावित खतरे को टालने की मांग की थी।

पांच परिवारों के घर हुए पूरी तरह क्षतिग्रस्त

बीएसएनएल टावर गिरने से राजेश महतो, नागो महतो, राजू महतो, किशन महतो और ब्रह्मदेव महतो के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।

ग्रामीणों ने जियो टावर हटाने की उठाई मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास स्थित जियो टावर को भी हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह के टावर बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि घटना के बाद भी उन्होंने कई अधिकारियों से बात कर स्थिति की जानकारी दी और जल्द राहत एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।