किशनगंज एसपी की बड़ी कार्रवाई: 3 महीने में 12 पुलिसकर्मी निलंबित, 38 का वेतन रोका
अनुशासनहीनता और लापरवाही पर सख्त रुख, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 194 पुलिसकर्मी सम्मानित
किशनगंज पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। पिछले तीन महीनों के दौरान गलत आचरण और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में कुल 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इसके अलावा 38 पुलिसकर्मियों का वेतन रोका गया है, जबकि 9 अन्य कर्मियों को विभागीय दंड दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, निलंबित किए गए 12 पुलिसकर्मियों में चार थानाध्यक्ष, एक परिचारी, तीन पुलिस अवर निरीक्षक, दो सिपाही और दो चौकीदार शामिल हैं। इन सभी पर वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना, कार्य में लापरवाही, कर्तव्यहीनता, मनमानेपन एवं अनुशासनहीनता जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
एक ओर जहां लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई, वहीं बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कृत भी किया गया। एसपी द्वारा विभिन्न कांडों के निष्पादन, कार्यालय कार्य, सुपर पेट्रोलिंग, विधि-व्यवस्था संधारण एवं छापेमारी में सराहनीय भूमिका निभाने वाले 194 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इनमें पुलिस निरीक्षक से लेकर गृह रक्षक तक शामिल हैं। उत्कृष्ट कार्य के लिए कुल 1 लाख 21 हजार 650 रुपये की पुरस्कार राशि और 103 सुसेवांक प्रदान किए गए।
एसपी ने आम लोगों से मांगे साक्ष्य
एसपी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी द्वारा किसी भी प्रकार के अनुचित कार्य में संलिप्तता की सूचना या ऑडियो-वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हो, तो उसे प्रमाणित साक्ष्य के साथ एसपी कार्यालय भेजें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।