Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में शराब तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 468 लीटर नेपाली शराब जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 8, 2026

सुपौल में शराब तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 468 लीटर नेपाली शराब जब्त

सुपौल में शराब तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 468 लीटर नेपाली शराब जब्त

स्कॉर्पियो छोड़ फरार हुआ चालक, 1560 बोतल शराब बरामद

सरायगढ़ (सुपौल) से बलराम प्रसाद सिंह की रिपोर्ट :
भपटियाही पुलिस ने शुक्रवार को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जरौली गांव के पास एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में नेपाली देशी शराब बरामद की। पुलिस ने 13 बोरों में रखी कुल 1560 बोतल शराब जब्त की, जिसकी कुल मात्रा 468 लीटर बताई गई है। हालांकि पुलिस को देख वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया अभियान

थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे के रास्ते नेपाली शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हाईवे पर विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया और आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जाने लगी।

इसी दौरान एक बिना नंबर की संदिग्ध स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा।

पुलिस पीछा करती रही, गांव के पास छोड़ भागा चालक

पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद चालक जरौली गांव के समीप स्कॉर्पियो सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 13 बड़े बोरों में पैक 1560 बोतल नेपाली देशी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है।

उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज

भपटियाही पुलिस ने शराब और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।