Kosi Live-कोशी लाइव बाइक की टक्कर से सुपौल के मजदूर की मौत, 3 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 7, 2026

बाइक की टक्कर से सुपौल के मजदूर की मौत, 3 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि


सुपौल के नगर पंचायत निर्मली वार्ड 6 निवासी मजदूर प्रदीप दास(45) की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा मधुबनी जिले के लौकही थाना क्षेत्र स्थित सोनबरसा चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अपाचे बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


प्रदीप दास की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के बाद पत्नी और चार छोटे बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मजदूरी करने निकले थे घर से

प्रदीप दास रोज की तरह सुबह मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान लौकही थाना क्षेत्र के सोनबरसा चौक के पास घर लौटने के क्रम में तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आर्थिक स्थिति पहले से खराब

मृतक की पत्नी ललिता देवी ने बताया कि उनके पति ही पूरे परिवार का सहारा थे। मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते थे। अब उनके जाने के बाद परिवार पूरी तरह बेसहारा हो गया है। उन्होंने बताया कि उनके घर की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद खराब है। परिवार आज भी टूटे और कच्चे मकान में रहने को मजबूर है।

इतना ही नहीं, अबतक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं मिल पाया है। घर में पत्नी के अलावा बेटी गौरी कुमारी (11), राजनंदनी कुमारी (7), 3 साल का बेटा रोशन कुमार और सबसे छोटा एक साल का बेटा रोहन कुमार है। पिता की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला जब 3 वर्षीय मासूम रोशन कुमार ने अपने पिता को मुखाग्नि दी।

रोशन को यह भी ठीक से समझ नहीं है कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है। गले में उतरी पहने मासूम रोशन केवल अपना नाम बता पा रहा था, जबकि आसपास मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय है और प्रशासन को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। स्थानीय लोगों ने सरकार से मृतक परिवार को मुआवजा, आवास योजना का लाभ और बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था कराने की मांग की है।

 
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया होगी शुरू

वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नारायण दास ने बताया कि मुख्य पार्षद दुलारी देवी की पहल पर पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवार को हर संभव मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

वहीं, लौकही थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क हादसे में हुई मौत के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अपाचे बाइक चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

इधर, सुपौल डीएम सावन कुमार ने घटना की सूचना मिलते ही श्रम विभाग और समाज कल्याण विभाग को सख्त निर्देश दिया है, ताकि मृतक के परिजनों को जल्द राहत व सुविधा मिल सके।