मुरलीगंज की नयंसी कुमारी बनीं राजस्व पदाधिकारी, चौथे प्रयास में BPSC में हासिल की सफलता
मधेपुरा। मधेपुरा जिले के मुरलीगंज की रहने वाली नैयनसी कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन राजस्व पदाधिकारी (Revenue Officer - RO) पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
चौथे प्रयास में मिली सफलता
नैयनसी कुमारी मुरलीगंज के हरिद्वार चौक निवासी रतेंद्र साह और चंदा देवी की पुत्री हैं। उनके पिता एक सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद नैयनसी ने हार नहीं मानी और चौथे प्रयास में यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
नैयनसी ने बताया कि सफलता का यह सफर आसान नहीं था। कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। लगातार प्रयास, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने आखिरकार अपना लक्ष्य हासिल कर लिया।
शिक्षा का सफर भी रहा प्रेरणादायक
नैयनसी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लिटिल बड्स पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद सोनी स्कूल से मध्य शिक्षा और बीएल स्कूल से उच्चतर माध्यमिक शिक्षा पूरी की।
वर्ष 2014 में उन्होंने 66 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2016 में मिलिया कॉलेज से विज्ञान संकाय में 65 प्रतिशत अंकों के साथ इंटरमीडिएट पास किया।
आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने पटना कॉलेज, पटना का रुख किया और वर्ष 2019 में इतिहास विषय से स्नातक की डिग्री 61 प्रतिशत अंकों के साथ हासिल की।
सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन क्लास से मिली सफलता
नैयनसी ने अपनी तैयारी में सेल्फ स्टडी, ऑनलाइन कक्षाओं और NCERT की पुस्तकों को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, सही रणनीति और निरंतर अभ्यास ही उनकी सफलता की कुंजी बनी।
परिवार की उपलब्धियां भी खास
नैयनसी के पिता रतेंद्र साह ने बताया कि परिवार को इस दिन का लंबे समय से इंतजार था। उन्होंने बेटी की सफलता का श्रेय उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दादा स्वर्गीय नरेश प्रसाद साह के आशीर्वाद को दिया।
परिवार में शिक्षा और उपलब्धियों की मजबूत परंपरा रही है। नैयनसी की बड़ी बहन प्रीति कुमारी google.com में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि छोटे भाई डॉ. आशुतोष कुमार चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हैं।
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
नैयनसी की सफलता से पूरे मुरलीगंज क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया और उनकी उपलब्धि को युवाओं, खासकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
नैयनसी ने युवाओं को संदेश दिया कि मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।