Kosi Live-कोशी लाइव बिहार-नेपाल बॉर्डर पर अवैध करेंसी एक्सचेंज रैकेट का भंडाफोड़, 30 लाख नकद जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 21, 2026

बिहार-नेपाल बॉर्डर पर अवैध करेंसी एक्सचेंज रैकेट का भंडाफोड़, 30 लाख नकद जब्त

बिहार-नेपाल बॉर्डर पर अवैध करेंसी एक्सचेंज रैकेट का भंडाफोड़, 30 लाख नकद जब्त
बिहार के भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल में पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े अवैध करेंसी एक्सचेंज नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सब्जी बाजार स्थित एक मिठाई दुकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद की है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
मिठाई दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार
जानकारी के अनुसार, रक्सौल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के सब्जी बाजार स्थित एक मिठाई दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध रूप से भारतीय और नेपाली करेंसी का एक्सचेंज किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पटना एसटीएफ और रक्सौल पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रशिक्षु आईपीएस सह थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह के नेतृत्व में दुकान पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस को दुकान से करीब 30 लाख रुपये नकद मिले। जब्त रकम में 17 लाख 85 हजार नेपाली रुपये और करीब 13 लाख भारतीय रुपये शामिल हैं। पुलिस ने मौके से कई संदिग्ध दस्तावेज और लेन-देन से जुड़े अन्य सामान भी कब्जे में लिया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की जांच शुरू
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद साहेब और रतन कुमार नामक दो लोगों को हिरासत में लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोहम्मद साहेब इस पूरे अवैध करेंसी एक्सचेंज नेटवर्क का संचालन कर रहा था, जबकि रतन कुमार वहां करेंसी बदलवाने पहुंचा था।
पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस नेटवर्क के तार सीमा पार नेपाल तक जुड़े हो सकते हैं। साथ ही बड़े फाइनेंसरों और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीमा पार आर्थिक गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती
इस कार्रवाई के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में गैरकानूनी आर्थिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के जरिए कितने समय से करेंसी एक्सचेंज का धंधा चल रहा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र में निगरानी और भी सख्त करने की तैयारी में हैं।