सहरसा रेलवे स्टेशन के पास महिला तस्कर गिरफ्तार, 200 ग्राम स्मैक बरामद; अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 लाख से अधिक
सहरसा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जिला सूचना इकाई (DIU) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सहरसा रेलवे स्टेशन के समीप एक महिला तस्कर को 200 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस कार्रवाई की पुष्टि सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने शनिवार शाम की।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड स्थित एक चाय दुकान के पास मादक पदार्थों की बड़ी खेप के साथ एक तस्कर पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही डीआईयू और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चाय दुकान और आसपास के इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध महिला वहां पहुंची, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
तलाशी के दौरान महिला के पास से 200 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान नगर थाना क्षेत्र के झपड़ा टोला निवासी सुनीता देवी के रूप में हुई है, जो संतोष ठाकुर की पत्नी बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे जिले में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि गिरफ्तार महिला से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क और इसके मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सहरसा पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।