Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में पुलिस टीम पर हमला: शराब हंगामे की सूचना पर पहुंची टीम पर पथराव, एएसआई समेत दो घायल; 9 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 24, 2026

सुपौल में पुलिस टीम पर हमला: शराब हंगामे की सूचना पर पहुंची टीम पर पथराव, एएसआई समेत दो घायल; 9 गिरफ्तार

सुपौल में पुलिस टीम पर हमला: शराब हंगामे की सूचना पर पहुंची टीम पर पथराव, एएसआई समेत दो घायल; 9 गिरफ्तार
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। राघोपुर पंचायत के वार्ड नंबर-4 स्थित महादलित टोला में शराब के नशे में हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में एक एएसआई और एक महिला होमगार्ड घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन को भी क्षति पहुंचाई गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि महादलित टोला में कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूछताछ के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में पुलिस वाहन के शीशे टूट गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में एएसआई अंजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद इलाज के दौरान पांच टांके लगाए गए। वहीं महिला होमगार्ड काजल कुमारी भी घायल हो गईं। घायल एएसआई ने बताया कि पुलिस टीम इलाके में पूछताछ कर रही थी, तभी कुछ लोग अचानक उग्र हो गए और हमला शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण स्थिति को तुरंत नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूत्रों के अनुसार हमले के दौरान छीनी गई राइफल को बाद में गांव के समीप गम्हरिया उप शाखा नहर किनारे झाड़ियों से बरामद कर लिया गया। हालांकि पुलिस प्रशासन ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरेंद्र कुमार और अन्य अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का जायजा लिया तथा पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वीडियो फुटेज और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।