Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:दो देशी कट्टे और कारतूस बरामद, एक युवक गिरफ्तार; दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 4, 2026

BIHAR:दो देशी कट्टे और कारतूस बरामद, एक युवक गिरफ्तार; दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

खगड़िया में दो देशी कट्टे और कारतूस बरामद, एक युवक गिरफ्तार; दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

खगड़िया। मड़ैया थाना क्षेत्र के अररिया गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से दो देशी कट्टे और दो कारतूस बरामद किए हैं। बरामद कारतूस में एक जिंदा और एक मिसफायर बताया गया है। कार्रवाई के दौरान एक अन्य युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात करीब 12:05 बजे मड़ैया थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि अररिया गांव निवासी मुधिर यादव के घर में लकड़ी के संदूक में अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखे गए हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मड़ैया थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

पुलिस को देखते ही भागने लगे दो युवक

छापेमारी टीम अररिया गांव स्थित मुधिर यादव के घर पहुंची तो पुलिस बल को देखते ही दो युवक घर से निकलकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर नीतीश कुमार, पिता मुधिर यादव, को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया। वहीं, दूसरा युवक मुधिर यादव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

लकड़ी के बक्से से बरामद हुए हथियार

गिरफ्तार नीतीश कुमार के घर की विधिवत तलाशी ली गई। इस दौरान कमरे में रखे लकड़ी के बक्से से दो लोहे के बने देशी कट्टे और दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर लिए हैं।

गिरफ्तार युवक की पहचान नीतीश कुमार, पिता मुधिर यादव, निवासी अररिया वार्ड नंबर-11, थाना मड़ैया, जिला खगड़िया के रूप में हुई है।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

मामले में मड़ैया थाना कांड संख्या 63/26, दिनांक 04.10.2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, फरार मुधिर यादव की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

अवैध हथियार के खिलाफ अभियान जारी

एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि जिले में अवैध आग्नेयास्त्र के निर्माण, संग्रहण और तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत मड़ैया थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार काम कर रही है।

छापेमारी टीम में मड़ैया थानाध्यक्ष मनीष कुमार, पु०अ०नि० मो. इरफान खां, स०अ०नि० विनोद प्रसाद सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।